कुमार गौरव
बांदा। जिले के मरका थाना क्षेत्र से दो छात्राओं के रहस्यमयी तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और छात्राओं की तलाश के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।
चरका गांव निवासी अतुल कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी 19 वर्षीय बेटी वंदना अपनी सहेली शिवानी (पुत्री संतोष प्रजापति) के साथ दो दिन पहले सुबह करीब 9 बजे बबेरू स्थित डिग्री कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थीं। दोनों छात्राओं को शिवानी के भाई शुभम ने मरका रोड स्थित कॉलेज के पास उतारा और खुद जीप चालक के साथ बाजार चला गया। शुभम ने छात्राओं से कहा था कि वह बाजार से लौटकर उन्हें वहीं से वापस ले जाएगा। लेकिन जब वह करीब एक घंटे बाद वापस लौटा, तो दोनों छात्राएं वहां मौजूद नहीं थीं। काफी इंतजार और आसपास तलाश के बावजूद उनका कोई पता नहीं चला। छात्राओं के न मिलने पर शुभम ने तुरंत गांव पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद परिवार वालों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो डायल-112 पर सूचना दी गई।
मरका थाना प्रभारी मिथलेश कुमार सिंह ने बताया कि अतुल कुमार की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 87 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संभावित स्थानों पर टीमों को भेजकर तलाश कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।










