April 14, 2026 7:35 am

डीएम के छापे में खुली शिक्षा व्यवस्था की पोल, प्रधानाध्यापिका पर कार्रवाई के निर्देश।

कुमार गौरव

बांदा। शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत उस समय उजागर हो गई जब डीएम जे. रीभा ने तिंदवारी ब्लॉक के स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दो विद्यालयों में गंभीर खामियां सामने आईं, जिस पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित प्रधानाध्यापिका के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

डीएम जे. रीभा अचानक पूर्व माध्यमिक विद्यालय जसईपुर पहुंचीं, जहां हालात बेहद चिंताजनक पाए गए। विद्यालय में पठन-पाठन लगभग ठप मिला, वहीं साफ-सफाई की स्थिति भी बेहद खराब थी। बच्चों की पढ़ाई का स्तर जांचने के लिए डीएम ने स्वयं छात्रों को बोर्ड पर लिखने के लिए कहा, जिसमें भी कमजोर शैक्षणिक स्तर सामने आया। इस लापरवाही पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और मौके पर ही प्रधानाध्यापिका के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिक्षकों और छात्रों की उपस्थिति पंजिका, कंपोजिट ग्रांट रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों की भी जांच की। दस्तावेजों के रख-रखाव और अद्यतन स्थिति को लेकर भी कई कमियां सामने आईं, जिस पर संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। इसके बाद डीएम प्राथमिक विद्यालय छापर पहुंचीं, जहां व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। यहां भी कई सुधार योग्य बिंदु पाए गए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई की स्थिति जानी। उन्होंने बच्चों से सवाल पूछे और उनकी कॉपी-किताबें भी देखीं, जिससे शिक्षा के स्तर का वास्तविक आकलन किया जा सके। डीएम ने शिक्षकों को निर्देश दिया कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाया जाए और बच्चों की नियमित पढ़ाई सुनिश्चित की जाए।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें