कुमार गौरव
बांदा। जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देती एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां छेड़खानी का मुकदमा वापस न लेने की कीमत एक महिला को गोली खाकर चुकानी पड़ी। दिनदहाड़े घर में घुसकर की गई इस फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। यह घटना मरका थाना क्षेत्र के अरमार गांव की है, जहां सुबह के समय आरोपी मुखिया अपने तीन साथियों के साथ बारेलाल वर्मा के घर में घुस गया। घर में बारेलाल के न मिलने पर आरोपियों ने उनकी पत्नी सपना देवी को निशाना बनाया और तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही सपना देवी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, कुछ महीने पहले आरोपी मुखिया ने बारेलाल वर्मा की बेटी के साथ छेड़खानी की थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया था। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी लगातार मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा था और धमकी दे रहा था। जब परिवार झुका नहीं, तो आरोपियों ने यह खौफनाक कदम उठा लिया। हमले में सपना देवी के पैर और सीने में गोली लगी है। गंभीर हालत में उन्हें पहले बबेरू सीएचसी ले जाया गया, फिर बांदा मेडिकल कॉलेज और वहां से हालत बिगड़ने पर कानपुर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, सीने में गोली लगने से अंदरूनी अंगों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। पीड़ित परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अगर पहले ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होती, तो यह घटना नहीं होती। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की ढिलाई ने आरोपियों के हौसले बढ़ाए, जिसके चलते उन्होंने दिनदहाड़े इस वारदात को अंजाम दिया।

मामले में मौके पर पहुंचे सीओ बबेरू सौरभ सिंह ने बताया कि महिला को गंभीर हालत में इलाज के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा किकुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।










