कुमार गौरव
बांदा। जिले के गिरवां थाना क्षेत्र से एक ऐसी सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध मौत के बाद दफनाया गया शव एक महीने बाद कब्र से बाहर निकाला गया और अब इस मामले ने खौफनाक मोड़ ले लिया है। इस पूरे घटनाक्रम के केंद्र में है एक मां जो अपनी बेटी की मौत को हादसा मानने को तैयार नहीं थी। उसे शक था कि उसकी मासूम बेटी के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है और इसी शक ने उसे न्याय की लड़ाई के लिए खड़ा कर दिया।

जानकारी के अनुसार, अप्रैल की एक रात नाबालिग लड़की का शव संदिग्ध हालत में मिला था। हैरानी की बात यह रही कि उस समय पुलिस को सूचना दिए बिना ही परिजनों ने ग्रामीणों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कर दिया। लेकिन वक्त बीतने के साथ मां का शक गहराता गया। आखिरकार उसने जिलाधिकारी के सामने आवेदन देकर अपनी बेटी की मौत की निष्पक्ष जांच और पोस्टमार्टम की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र को खोदकर शव को बाहर निकाला गया। अब इस पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल द्वारा कराया जा रहा है। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। हर कोई यही जानना चाहता है कि आखिर उस रात क्या हुआ था? अब पूरे मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगी। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला बेहद गंभीर आपराधिक केस में बदल सकता है और कई लोगों पर कार्रवाई हो सकती है।










