April 16, 2026 5:50 pm

हाईटेंशन लाइन बनी काल, झोपड़ी बनी चिता, महिला की जलकर मौत, पति गंभीर।

कुमार गौरव

बांदा। गिरवां थाना क्षेत्र के हुसेनपुर खुर्द गांव में मंगलवार देर रात एक ‘भीषण हादसे’ ने इंसानी जिंदगी को पलभर में राख कर दिया। रात के सन्नाटे में अचानक टूटी 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन एक झोपड़ी पर गिर गई और देखते ही देखते आग ने सब कुछ अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में 52 वर्षीय महिला अनीता की जलकर मौत हो गई, जबकि उनके पति गणेश गंभीर रूप से झुलस गए।

घटना रात करीब एक बजे की बताई जा रही है, जब गणेश अपनी पत्नी के साथ सड़क किनारे बनी झोपड़ी में सो रहे थे। झोपड़ी के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन अचानक टूटकर सीधे उनके आशियाने पर गिर पड़ी। गणेश झोपड़ी में पंचर की दुकान चलाते थे। अंदर रखे टायर, ट्यूब और अन्य ज्वलनशील सामान ने आग को और भयानक बना दिया। कुछ ही मिनटों में पूरी झोपड़ी आग की लपटों में घिर गई और दंपती को संभलने तक का मौका नहीं मिला। आग लगते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार के बीच किसी तरह स्थानीय लोगों ने बचाव का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि अंदर फंसी महिला को बचाया नहीं जा सका।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और करीब तीन बजे आग पर काबू पाया गया। दोनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस से रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अनीता को मृत घोषित कर दिया, जबकि गणेश का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें