कुमार गौरव
बांदा। जनपद में सरकारी कार्य में बाधा डालने और एआरटीओ की गाड़ी में टक्कर मारने वाले ट्रक मालिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान मोनू प्रजापति के रूप में हुई है। इस घटना में एआरटीओ श्यामलाल और एक पीआरडी गार्ड घायल हो गए थे,जिनका मेडिकल परीक्षण कराया गया था।

यह घटना सोमवार देर रात कालिंजर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामनगर तिराहे पर हुई। उस समय एआरटीओ श्यामलाल अपनी टीम के साथ ओवरलोड वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच पन्ना (मध्य प्रदेश) की ओर से आ रहे मोरंग लदे एक ट्रक ने एआरटीओ की बोलेरो में जोरदार टक्कर मार दी। चालक मौके से ट्रक लेकर फरार हो गया।

घटना के बाद पुलिस ने ट्रक का पीछा किया और उसे मध्य प्रदेश की सीमा में पकड़ लिया। हालांकि,जब पुलिस और गार्ड ट्रक को थाने ला रहे थे,तभी ट्रक अनियंत्रित होकर एक खाई में पलट गया। इस हादसे में पीआरडी गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। कालिंजर थानाध्यक्ष सुखराम सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्य आरोपी ट्रक मालिक मोनू प्रजापति को रामनगर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया है। वह वहां अपने ट्रक को निकलवाने या उसकी स्थिति देखने के लिए खड़ा था।










