May 25, 2026 5:00 am

जमीन विवाद में ‘कलयुगी’ बेटे का खूनी खेल, मां और भाई की गोली मारकर हत्या

कुमार गौरव

बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। जिले के बबेरू थाना क्षेत्र में रविवार को जमीनी विवाद के चलते एक बेटे ने अपने ही खून के रिश्तों का कत्ल कर दिया। आरोपी ने अपनी मां और छोटे भाई की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी राजकिशोर गुप्ता पुश्तैनी जमीन बेचना चाहता था, जिसका उसकी मां और छोटा भाई लगातार विरोध कर रहे थे। रविवार को इसी बात को लेकर घर में विवाद शुरू हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि आपा खो चुके राजकिशोर ने अवैध असलहे से अपनी मां और भाई पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से दोनों बुरी तरह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना की सूचना दोपहर करीब 12 बजे स्थानीय पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम आनन-फानन में मौके पर पहुंची और आनन-फानन में दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू ले गई। हालांकि, अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

दोहरे हत्याकांड की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। बांदा के एसपी पलाश बंसल ने घटनास्थल का दौरा किया और फॉरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाए। एसपी ने बताया कि मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
उन्होंने आगे कहा, “आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” इस घटना ने पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। लोग इस बात पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि जमीन के टुकड़े के लिए एक बेटा अपनी मां और भाई का कातिल बन सकता है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें