विनोद मिश्रा
बाँदा। जसपुरा क्षेत्र की लाइफलाइन कहे जाने वाले पीपे के पुल का बहना अब समस्या मूलक बन गया है। एक सप्ताह से हजारों लोगों की आवाजाही ठप होने पर भाजपा नेता पूर्व विधायक दलजीत सिंह ने प्रशासनिक सुस्ती पर चिंता एवं नाराजगी जताई है। डीएम से मांग की है कि मड़ौली कलां और अड़ौली के बीच बना पुल तुरंत दुरुस्त कराया जाए।

दलजीत सिंह ने कहा कि तेज आंधी में पीपे का पुल बहकर करीब 500 मीटर दूर चला गया था। एक हफ्ता बीत गया पर आवागमन बहाल नहीं हो सका। मड़ौली कलां,अड़ौली समेत दर्जनों गांवों के लोग कैद होकर रह गए हैं। फतेहपुर जनपद के ललौली और आसपास के क्षेत्रों से भी संपर्क पूरी तरह टूट गया है। स्कूली बच्चे, मरीज, किसान और व्यापारी सब परेशान हैं।
पूर्व विधायक दलजीत ने बताया कि पुल बंद होने से रोजमर्रा के कामकाज ठप हैं। किसान अपनी फसल मंडी नहीं ले जा पा रहे। दूध, सब्जी और जरूरी सामान की सप्लाई रुक गई है। व्यापारियों को रोजाना हजारों का नुकसान हो रहा है। मरीजों को 15 किलोमीटर घूमकर जिला अस्पताल पहुंचना पड़ रहा है।
पूर्व विधायक दलजीत सिंह ने प्रशासन की कार्यशैली पर प्रश्न उठाया। बोले कि एक हफ्ते में पीपे का पुल दुरुस्त हो सकता था पर विभाग ने सुस्ती दिखाई। यह पुल इस पूरे इलाके की रीढ़ है। इसके टूटने से जसपुरा क्षेत्र का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है।

पूर्व विधायक दलजीत ने डीएम से तुरंत पुल मरम्मत का काम शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता की तकलीफ अब बर्दाश्त से बाहर है।
फिलहाल पूरे जसपुरा क्षेत्र की निगाहें डीएम पर टिकी हैं। दलजीत सिंह के अल्टीमेटम के बाद देखना है कि प्रशासन कब हरकत में आता है और 500 मीटर बह गए पुल को वापस जोड़कर हजारों लोगों की जिंदगी कब पटरी पर लौटाता है।










