कुमार गौरव
बांदा। पैलानी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार कर लिए गए। तीसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने इसे ‘ऑपरेशन शिकंजा’ नाम दिया है।

पुलिस के मुताबिक, 20 जून को ग्राम गड़ोला निवासी संदीप चाट-चाउमीन बेचकर घर लौट रहे थे। ग्राम नरौली के पास मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उन्हें रोका और नकदी लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पैलानी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। 21 और 22 जून की मध्य रात्रि पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम मरझा-पड़ेरी मार्ग पर कुछ संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल के साथ बैठे हैं और किसी बड़ी वारदात की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो बदमाशों को दबोच लिया।

गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और लूट के 3,000 रुपये बरामद हुए हैं। पूछताछ में दोनों ने 20 जून को संदीप से हुई लूट की वारदात कबूल की है। उन्होंने बताया कि वे रविवार रात एक और राहगीर को लूटने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने घेर लिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।










