कुमार गौरव
बांदा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीक्षित ने प्रदेश में एसआईआर की समय सीमा बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय सीमा पर्याप्त नहीं है और इसे कम से कम तीन माह तक बढ़ाया जाना चाहिए।

दीक्षित ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है और एक माह की समय सीमा पर्याप्त नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीण अंचल में ऐसे अनेक गांव हैं जहां के मतदाता जागरूक नहीं हैं और प्रशासन की ओर से लगाए गए बीएलओ वहां पहुंच नहीं पा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि शासन प्रशासन इस बात के दावे कर रहा है कि 99% मतगणना प्रपत्र घर-घर जाकर दिए जा चुके हैं, लेकिन सत्यता इसके विपरीत है। उन्होंने मांग की कि मतगणना प्रपत्र भरवाने की समय सीमा कम से कम तीन माह होनी चाहिए।
राजेश दीक्षित ने कहा कि बांदा पालिका क्षेत्र में 31 वार्ड हैं। अधिकांश वार्डो में बीएलओ ही अभी नहीं पहुंच पाए हैं। उन्होंने कहा कि बीएलओ को फॉर्म भरने का प्रशिक्षण भी नहीं दिया गया है, इस कारण फार्म भरवाने में त्रुटियाँ भी हो रही हैं।
कांग्रेस नेता दीक्षित ने बताया कि 14 दिसंबर को दिल्ली में पूरे देश से कांग्रेस जन भारी संख्या में पहुंचेंगे और राहुल गांधी के नेतृत्व में बहुत बड़ा प्रदर्शन करने की योजना है। उन्होंने कहा कि जनपद से कांग्रेस जन अधिक से अधिक संख्या में इस प्रदर्शन में भाग लेंगे।











