March 14, 2026 3:24 pm

बेटे की हत्या का आरोप, मां ने पड़ोसियों पर लगाया इल्जाम, एसपी से न्याय की गुहार

कुमार गौरव

बांदा। जिले के जमालपुर गांव में एक मां ने अपने बेटे की हत्या का आरोप पड़ोसियों पर लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। माया देवी नामक महिला का आरोप है कि उनके बेटे शंकर उपाध्याय को 21 सितंबर 2025 की शाम कुछ पड़ोसी अपने साथ ले गए थे, जिसके अगले दिन उसका शव एक पुलिया के नीचे मृत अवस्था में मिला।

माया देवी ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 21 सितंबर 2025 को शाम करीब 6:30 बजे उनके बेटे शंकर उपाध्याय को पड़ोसी सदाशिव विश्वकर्मा, राजेश उपाध्याय, सियाशरण उपाध्याय और दो अन्य अज्ञात लोग अपने साथ ले गए थे। रात भर खोजबीन के बावजूद शंकर घर नहीं लौटा।

अगले दिन, 22 सितंबर 2025 को, शंकर उपाध्याय का शव गांव के पास एक पुलिया के नीचे मृत अवस्था में पाया गया। परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई है, जिससे परिवार के शक को बल मिला।

माया देवी का दावा है कि उनके पास कुछ वीडियो भी हैं, जो सदाशिव विश्वकर्मा, राजेश उपाध्याय, सियाशरण उपाध्याय और दो अज्ञात व्यक्तियों की घटना में संलिप्तता दर्शाते हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से इन सभी नामजद व्यक्तियों से कड़ाई से पूछताछ कर हत्या का राज खोलने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

महिला ने यह भी बताया कि उनके पति बृज मोहन उपाध्याय का राजेश उपाध्याय से लगभग तीन महीने पहले तीन बार झगड़ा हो चुका था, जिससे पुरानी रंजिश की आशंका को बल मिलता है।

शोक संतप्त माया देवी ने भावुक होकर कहा कि शंकर उपाध्याय उनके बुढ़ापे का एकमात्र सहारा था। उन्होंने और उनके पति ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि उन्हें और उनके मृत बेटे को न्याय मिल सके। पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें