कुमार गौरव
बांदा। जिला कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसका आयोजन जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के एक वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के बड़ी संख्या में पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित हुए और राजेश दीक्षित का माल्यार्पण कर स्वागत किया। उन्हें उनके नेतृत्व एवं संगठन के प्रति समर्पण के लिए बधाइयां दी गईं। समारोह के दौरान जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिवबली सिंह को उनके लंबे समय से दल के प्रति वफादारी और योगदान के लिए सम्मानित किया। उन्हें शॉल ओढ़ाकर और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

राजेश दीक्षित ने कहा कि उत्तर प्रदेश प्रदेश कांग्रेस समिति और राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा उन्हें जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी तीसरी बार सौंपी गई है, जिसके लिए वे गहरा आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि वे अपने कार्यकाल में संगठन को नए सिरे से मजबूत करने के लिए पूरी ईमानदारी और ऊर्जा के साथ काम करेंगे। उन्होंने बताया कि संगठन सृजन अभियान के तहत ग्राम पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक कमेटियों का गठन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही मतदाता सूची संशोधन के अवसर पर हर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई और जनता तक पहुंचकर नाम जोड़ने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

राजेश दीक्षित ने यह भी बताया कि जनपद की ज्वलंत समस्याओं जैसे बिजली, पानी, रोजगार और शिक्षा को लेकर कांग्रेस ने धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन दाखिल करके प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि “मैं जिलाध्यक्ष कम, एक कार्यकर्ता के रूप में पहचाना जाना चाहता हूं। कांग्रेस मेरा परिवार है और हर कार्यकर्ता उसका सदस्य है। हम सबका लक्ष्य जनता की सेवा और न्याय के लिए लड़ना है।” कार्यक्रम में एआईसीसी सदस्य रमेश चन्द्र कोरी, शहर अध्यक्ष अफसाना शाह, युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव आकाश दीक्षित, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष सीमा खान सहित कई वरिष्ठ एवं युवा नेता मौजूद रहे। सभी ने राजेश दीक्षित के नेतृत्व में संगठन के बेहतर भविष्य की उम्मीद व्यक्त की और जनता के बीच कांग्रेस की वापसी के लिए संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन भावपूर्ण भाषण और संगठन के प्रति समर्पण की शपथ के साथ हुआ, जिसमें सभी कार्यकर्ताओं ने एक साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करने का संकल्प लिया।











