April 12, 2026 8:33 am

20 करोड़ की लागत से सदर क्षेत्र में 9 सड़कों का होगा कायाकल्प: जल निकासी व्यवस्था भी मजबूत

कुमार गौरव

बांदा। सदर विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से खराब सड़कों की समस्या झेल रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। राज्य सड़क निधि योजना के तहत लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से नौ संपर्क मार्गों के नवनिर्माण को शासन ने प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इन सड़कों के निर्माण के साथ ही आबादी वाले क्षेत्रों में जल निकासी के लिए नाली, नाला, पुलिया और सीसी कार्य भी कराया जाएगा, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

स्वीकृत परियोजनाओं के अंतर्गत 4.500 किलोमीटर लंबे पडुई से मनीपुर संपर्क मार्ग का निर्माण 362.10 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। वहीं 0.750 किलोमीटर गांधी नगर (छिबांव) से मोदीयुग चौराहा तक सड़क 66.16 लाख रुपये में बनेगी। 5.500 किलोमीटर करगेहना तकुली से मोदीयुग चौराहा मार्ग पर 400.97 लाख रुपये खर्च होंगे। इसी क्रम में 1.800 किलोमीटर मकरी बिगहना से नाई संपर्क मार्ग 151.49 लाख रुपये, 2.500 किलोमीटर बछेही से चटसरा मार्ग 172.63 लाख रुपये तथा 1.100 किलोमीटर पतौरा माइनर पूर्व माध्यमिक विद्यालय से सरस्वाह मार्ग 123.86 लाख रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा। इसके अलावा 3.700 किलोमीटर मनीपुर से जरर संपर्क मार्ग का निर्माण 422.59 लाख रुपये, 1.200 किलोमीटर घोबिन डेरा से तिंदवारा मार्ग 86.88 लाख रुपये तथा 2.400 किलोमीटर अरबई संपर्क मार्ग के अवशेष भाग का निर्माण 207.30 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। सभी सड़कों की चौड़ाई 3.75 मीटर निर्धारित की गई है।

इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और ग्रामीण इलाकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। लंबे समय से जर्जर सड़कों की समस्या झेल रहे लोगों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने बताया कि इन कार्यों से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया और कहा कि यह परियोजनाएं क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होंगी।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें