May 16, 2026 10:58 pm

थ्रेसर में फंसकर युवक की दर्दनाक मौत, गेहूं की कटाई बनी काल !

कुमार गौरव

बांदा। दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जिसने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। खेत में गेहूं कटाई के दौरान एक युवक की थ्रेसर मशीन में फंसकर दर्दनाक मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान विवेक यादव (30) के रूप में हुई है, जिले के बबेरू कोतवाली क्षेत्र के सतन्याव गांव में शुक्रवार शाम वह खेत में गेहूं कतरने का काम कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काम के दौरान जब वह थ्रेसर की जाली देख रहा था, तभी उसका गमछा अचानक मशीन के पट्टे में फंस गया। देखते ही देखते गमछा उसके गले में कसता चला गया और कुछ ही पलों में वह फंदे की तरह जकड़ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत थ्रेसर बंद किया और किसी तरह गमछा हटाकर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। विवेक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जैसे ही मौत की खबर घर पहुंची, पत्नी सुमन देवी, दो मासूम बेटियों और एक बेटे का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और माहौल गमगीन हो गया। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें