April 24, 2026 2:32 pm

डीएम अमित आसेरी का औचक निरीक्षण, प्रशिक्षण पर खुद की निगरानी, दिए कड़े निर्देश

कुमार गौरव

बांदा। देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया ‘जनगणना’ को लेकर बांदा में तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने जनगणना प्रशिक्षण कार्य का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों को साफ संदेश दिया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, कर्मचारियों की उपस्थिति और उपलब्ध कराई जा रही सामग्री का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को पूरी तरह प्रशिक्षित किया जाए, ताकि जनगणना कार्य सटीक, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके। डीएम ने प्रशिक्षण में शामिल कर्मचारियों से सीधा संवाद भी किया।

उन्होंने उनके अनुभव सुने, समस्याओं की जानकारी ली और मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा, “जनगणना देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है, इसमें किसी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही नहीं होनी चाहिए।”जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत जिले के विभिन्न तहसीलों में बड़े  स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें तहसील सदर बांदा के अंतर्गत 548 प्रगणकों एवं 92 सुपरवाइजरों को आर्य इंस्टिट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडीज, गंछा रोड बांदा में प्रशिक्षण दिया गया।

नगर पालिका बांदा के 284 प्रगणकों एवं 47 सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण केसीएनआईटी में संपन्न हुआ, तहसील नरैनी के 570 प्रगणकों एवं 91 सुपरवाइजरों को राजकुमार इंटर कॉलेज नरैनी में प्रशिक्षित किया गया, तहसील अतर्रा के 565 प्रगणकों एवं 95 सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण हिंदू इंटर कॉलेज अतर्रा में हुआ, तहसील बबेरू के 987 प्रगणकों एवं 165 सुपरवाइजरों को महर्षि विद्यापीठ पटेल पीएसएस कन्या इंटर कॉलेज में प्रशिक्षण दिया गया तथा नगर पंचायत बबेरू के प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण लवकुश इंटर कॉलेज ओरन में संपन्न कराया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कुमार धर्मेंद्र, तहसीलदार बांदा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें