April 22, 2026 4:35 pm

शादी के दिन दुल्हन की उठी अर्थी, संदिग्ध मौत से हड़कंप, खुशियों के ‘घर’ में मातम !

कुमार गौरव

बांदा। जिस घर में शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अचानक चीख-पुकार और मातम छा गया। शादी के दिन ही 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। बारात आने से पहले ही खुशियों का माहौल गम में बदल गया और हर कोई यही पूछ रहा है, आखिर ऐसा क्या हुआ?मामला उस समय सामने आया, जब रामऔतार की बेटी श्वेता (18) की मंगलवार को शादी होनी थी। घर में पूरी तैयारियां थीं, टेंट सजा था, हलवाई पकवान बना रहे थे और झांसी से बारात आने वाली थी। लेकिन भोर में श्वेता ने अचानक पेट दर्द की शिकायत की। पहले परिजनों ने झाड़फूंक कराई, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद घर में कोहराम मच गया। जो आंगन दुल्हन की विदाई के लिए सजाया गया था, वहां अब सिसकियां गूंज रही हैं। पिता रामऔतार का दर्द छलक पड़ा “कल तक बेटी हंस रही थी, शादी के कपड़े देख खुश हो रही थी अचानक क्या हो गया, समझ नहीं आ रहा” घर में रखा दुल्हन का जोड़ा, गहने और सजा हुआ मंडप अब एक दर्दनाक याद बनकर रह गया है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है जहां मंगल गीत गूंजने थे, वहां अब खामोशी और आंसू हैं।

फिलहाल, श्वेता की मौत रहस्य बनी हुई है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरविंद के अनुसार, अस्पताल लाने पर युवती मृत अवस्था में थी। प्रथम दृष्टया शरीर पर किसी भी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे मामला आत्महत्या का प्रतीत नहीं होता। डॉक्टरों का कहना है कि अचानक उठा पेट दर्द किसी आंतरिक बीमारी या जहरीले जीव के काटने का कारण भी हो सकता है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अब सभी की निगाहें रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस रहस्यमयी मौत का सच सामने आ सके। एक पल में टूटी खुशियां, अधूरी रह गई शादी अब सिर्फ एक सवाल गूंज रहा है: श्वेता की मौत का असली कारण क्या है?

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें