May 16, 2026 11:44 pm

अतिक्रमण पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, बाजार में चला ताबड़तोड़ अभियान, व्यापारियों में मचा हड़कंप।

कुमार गौरव

बांदा। शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा और सख्त कदम उठाते हुए व्यापक अभियान चलाया। यह कार्रवाई नगर मजिस्ट्रेट संदीप केला की निगरानी में महेश्वरी देवी चौराहे से चौक बाजार तक की गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और हड़कंप की स्थिति बन गई।

जैसे ही प्रशासनिक टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची, दुकानदारों और ठेला-फेरी लगाने वालों में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने तुरंत अपना सामान समेटना शुरू कर दिया, जबकि कुछ स्थानों पर प्रशासन को सख्ती भी करनी पड़ी। अभियान के दौरान महेश्वरी देवी चौराहा, प्रकाश टॉकीज, कोतवाली क्षेत्र, शंकर गुरु चौराहा, चौक बाजार, सब्जी मंडी और छावनी चौराहा तक सड़क किनारे और पटरी पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। इसके साथ ही नालों के ऊपर बनाए गए अस्थायी ढांचे, टीनशेड, तख्त और अन्य निर्माण सामग्री को भी हटवाया गया, जो जल निकासी व्यवस्था में बाधा उत्पन्न कर रहे थे।

नगर मजिस्ट्रेट संदीप केला ने मौके पर मौजूद लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण के कारण लगातार जाम की स्थिति बनती है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी होती है। अभियान में खाद्य एवं सफाई निरीक्षक हेमन्त प्रसाद, देवेन्द्र, राजस्व निरीक्षक रामजस सिंह, स्वच्छ भारत मिशन-नगरीय जिला कार्यक्रम प्रबंधक अभिषेक खरे, गौरव श्रीवास्तव, मनीष, विकास, सफाई नायक राजाराम सहित नगर पालिका के कर्मचारी और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें