कुमार गौरव
बांदा। जिले में कानून-व्यवस्था को नई धार देने के लिए पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। डायल यूपी-112 सेवा को 16 नए अत्याधुनिक पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) मिलने के बाद अब पुलिसिंग पहले से कहीं ज्यादा तेज, प्रभावी और जवाबदेह होने जा रही है। यह पहल साफ संकेत दे रही है कि अब अपराधियों के लिए जिले में बच निकलना आसान नहीं होगा।

शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि नई तकनीक और संसाधनों के साथ पुलिस अब हर आपात स्थिति में तेजी से प्रतिक्रिया देने के लिए पूरी तरह तैयार है और अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त रणनीति अपनाई जा रही है। नए पीआरवी वाहनों के जुड़ने से जिले में पुलिस की पहुंच और सघनता बढ़ेगी।

अब घटनास्थल तक पहुंचने में लगने वाला समय कम होगा और आपातकालीन कॉल्स पर तत्काल कार्रवाई संभव हो सकेगी। खासकर दूरस्थ और ग्रामीण इलाकों में इसका बड़ा असर देखने को मिलेगा। इन वाहनों के आने से नियमित गश्त व्यवस्था मजबूत होगी और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत नजर रखी जा सकेगी। इससे अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगेगा और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ेगा। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज और सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टॉक समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।










