सिराथू विधायक पल्लवी पटेल के काफिले की कार खाई में गिरी, दो लोग हुए घायल

कुमार गौरव

बांदा। सिराथू की विधायक पल्लवी पटेल के काफिले में शामिल एक कार रविवार को बांदा के तिंदवारी थाना क्षेत्र में भीषण हादसे का शिकार हो गई। अनियंत्रित होकर कार सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। राहत की बात यह है कि इस दुर्घटना में विधायक पल्लवी पटेल पूरी तरह सुरक्षित हैं।

विधायक पल्लवी पटेल बबेरू में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद तिंदवारी थाना क्षेत्र के धौंसन गांव में आयोजित एक अन्य बैठक में हिस्सा लेने जा रही थीं। सिमौनी गांव के पास भारी जाम होने के कारण सुरक्षा कर्मियों ने काफिले को वैकल्पिक रास्ते ‘मौनी धाम रोड’ से निकालने का निर्णय लिया। बताया जा रहा है कि यह सड़क काफी संकरी है। इसी दौरान जमुवा मरका के पास काफिले में चल रही एक स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और सीधे गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे में कार चला रहे 26 वर्षीय नूर आलम (निवासी शाहपुर, प्रयागराज) के सिर और हाथ में चोट आई है, जबकि कार में सवार 32 वर्षीय अटल पटेल (निवासी लालपुर, नरैनी) को भी चोटें आईं। काफिले में मौजूद अन्य लोगों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए घायलों को तिंदवारी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही विधायक पल्लवी पटेल स्वयं अस्पताल पहुंचीं और घायलों का कुशलक्षेम जाना। कुछ देर रुकने और स्थिति का जायजा लेने के बाद विधायक का काफिला आगे के कार्यक्रमों के लिए रवाना हो गया।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें