May 25, 2026 4:14 am

चलती एक्सयूवी कार में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

कुमार गौरव

बांदा। शहर के जेल रोड पर मंगलवार को एक चलती एक्सयूवी कार में अचानक भीषण आग लग गई। घटना स्वराज कॉलोनी गली नंबर-3 के सामने हुई, जहां कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार चलते समय अचानक उसमें से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते इंजन से उठी चिंगारी ने विकराल रूप धारण कर लिया और आग पूरी गाड़ी में फैल गई। चालक ने तत्काल कार को सड़क किनारे रोका और बाहर निकल गया। घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक एक्सयूवी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब 20 मिनट तक कार सड़क पर धू-धू कर जलती रही। आग के दौरान तेज धमाकों के साथ कार के टायर भी फट गए, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के कारण जेल रोड पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया। प्राथमिक जांच में भीषण गर्मी और इंजन में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें