विनोद मिश्रा
बांदा। शहर को स्वच्छ बनाने के लिए पालिका अध्यक्ष मालती गुप्ता और चेयरमैन प्रतिनिधि अंकित बासू खुद सड़क पर उतरे। बुधवार को ‘क्लीन बांदा टीम ने ठाना है, बांदा को स्वच्छ बनाना है’ के तहत अवस्थी पार्क से न्यू मार्केट तक स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। पालिका अध्यक्ष मालती गुप्ता ने रैली में सम्मिलित होकर शुभारंभ किया और नगरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई सिर्फ कर्मचारियों की ड्यूटी नहीं है। हर घर, हर दुकान से सहयोग मिलेगा तभी बांदा आदर्श नगर बनेगा।

चेयरमैन प्रतिनिधि अंकित बासू ने न्यू मार्केट के व्यापारी बंधुओं को कूड़ादान वितरित कर जागरूकता फैलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बांदा के निर्माण में हम सभी की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। आइए, हम सब मिलकर अपने नगर को साफ सुथरा एवं आदर्श नगर बनाने का संकल्प लें।

इस मौके पर सदर विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ, सभासद आशीष गुप्ता, अमित साहू, रामप्रसाद सोनी, आशीष पांडेय समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरी टीम ने दुकानदारों से कचरा कूड़ादान में ही डालने और सड़क पर न फेंकने की अपील की। मालती गुप्ता और अंकित बासू की अगुवाई में चली इस रैली से बाजार में स्वच्छता को लेकर नई जागरूकता दिखी।










