विनोद मिश्रा
बाँदा। विधायक प्रकाश द्विवेदी के अथक प्रयासों से जिला मुख्यालय विकास की नई इबारत लिख रहा है। कभी पिछड़ा कहा जाने वाला यह जिला अब महानगरों की बराबरी कर रहा है। ऑक्सीजन पार्क में म्यूजिकल फाउंटेन का ट्रायल शुरू होते ही शहरवासियों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है। यह सिर्फ फव्वारा नहीं,बाँदा के बदलते वक्त की निशानी है।

विधायक प्रकाश द्विवेदी ने चुनाव में बाँदा को स्मार्ट सिटी जैसी सुविधाएं देने का वादा किया था। अब वह वादा हकीकत बनता दिख रहा है। ऑक्सीजन पार्क में संगीत की धुन पर नाचता पानी और रंग बिरंगी रोशनी का संगम देखकर लोग हैरान हैं। ट्रायल देखने उमड़ी भीड़ खुद बोल रही है कि बाँदा बदल रहा है।प्रकाश द्विवेदी का विकास सिर्फ एक पार्क तक सीमित नहीं है। शहर की जर्जर सड़कों पर नई परत बिछ चुकी है। मोहल्लों में एलईडी लाइटें जगमगा रही हैं। जल निकासी से लेकर पेयजल तक हर समस्या पर काम चल रहा है।

ऑक्सीजन पार्क का म्यूजिकल फाउंटेन उसी विकास यात्रा का नया मील का पत्थर है। फाउंटेन का ट्रायल देखते ही पार्क में सेल्फी लेने वालों की भीड़ लग गई। युवाओं ने कहा कि अब घूमने के लिए कानपुर या लखनऊ नहीं जाना पड़ेगा। वहीं बुजुर्गों ने कहा कि शाम को ठंडी हवा में संगीत के साथ फव्वारा देखना सुकून देगा। विधायक प्रकाश ने हर उम्र का ख्याल रखा है। विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि यह तो सिर्फ शुरुआत है। मेरा लक्ष्य बाँदा को बुंदेलखंड का सबसे चमकता जिला बनाना है। हर वार्ड, हर गली तक विकास पहुंचेगा। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर भी बड़ा काम होगा। जनता का भरोसा ही मेरी ताकत है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रकाश द्विवेदी जमीन से जुड़े नेता हैं। जनता के बीच रहते हैं और जनता की सुनते हैं। उनके प्रयासों से ही बाँदा में आज बड़े शहरों जैसी सुविधाएं दिख रही हैं। म्यूजिकल फाउंटेन तो एक झलक है,पूरी फिल्म अभी बाकी है। फिलहाल ऑक्सीजन पार्क का म्यूजिकल फाउंटेन जल्द ही जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। बाँदा अब अंधेरे और धूल से निकलकर रोशनी और संगीत की दुनिया में कदम रख चुका है। इस बदलाव की कहानी के नायक हैं सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी।










