June 12, 2026 8:17 pm

नामजद चोर खुलेआम, खाकी का इकबाल हुआ नीलाम’: 15 लाख की चोरी में 10 दिन से सो रही पुलिस।

विनोद मिश्रा

बाँदा। शहर कोतवाली की पुलिसिंग का हाल देखिए। सगे भांजे मामा का घर साफ कर गए,नाम पते थाने में दर्ज हैं, मोबाइल पर धमकी के सबूत हैं, फिर भी 10 दिन से खाकी खाली हाथ है। पीड़ित अनिल त्रिपाठी थाने से लेकर SP साहब तक की ड्योढ़ी नाप चुके हैं पर मिला क्या? सिर्फ तारीख पर तारीख।

हरदौली घाट रोड क्योटरा निवासी अनिल त्रिपाठी 28/29 की रात पत्नी संग अपने पैतृक गांव मऊ गए थे। पीछे से सगे भांजे मोनू और नन्हू तिवारी को मौका मिल गया। कहते हैं खून सफेद हो जाए तो क्या क्या न हो। दोनों भांजों ने मामा के सूने घर में हाथ साफ किया और 15 लाख के सोने चांदी के जेवरात लेकर रफूचक्कर हो गए। सुबह अनिल त्रिपाठी लौटे तो घर का नजारा देख सन्न रह गए। पड़ोसियों ने बताया कि आधी रात आपके लाडले भांजे यहां मंडरा रहे थे। खास बात यह है कि मोनू नन्हू का आपराधिक बायोडाटा पहले से ही थानों में जमा है। मतलब पुराने खिलाड़ी हैं। फिर भी कोतवाली पुलिस इन नौसिखियों को नहीं पकड़ पा रही। कमाल है।

पीड़ित का दर्द यह है कि चोरी के बाद आरोपी भांजे फोन पर धमका रहे हैं। कॉल रिकॉर्डिंग मोबाइल में सेव है। यानी सबूत जेब में लेकर पीड़ित घूम रहा है और पुलिस जांच जारी है का कैसेट बजा रही है। नामजद एफआईआर,कॉल डिटेल, गवाह सब मौजूद हैं। फिर भी अपराधी पकड़ से बाहर हैं। प्रश्न यह है कि जब नामजद बदमाश फरार हैं तो पुलिस उनके घर वालों पर हाथ क्यों नहीं डाल रही? पुराने जमाने में तो पुलिस घर कुर्क कर देती थी। अब शायद बीआईपी चोरों के लिए नया प्रोटोकॉल आया है? दस दिन हो गए,एक भी गिरफ्तारी नहीं। उल्टा आरोपियों के हौसले सातवें आसमान पर हैं! अनिल त्रिपाठी एसपी ऑफिस का चक्कर भी काट चुके हैं। अर्जी दी,गुहार लगाई। नतीजा ढाक के तीन पात। अब पीड़ित सोच रहा है कि फरियाद कहाँ सुनाऊँ। शायद सीएम दरबार ही आखिरी उम्मीद बची है।

मोहल्ले में चर्चा है कि कोतवाली पुलिस ने चोरों के सामने हथियार डाल दिए हैं। 15 लाख की चोरी, नामजद आरोपी, धमकी के सबूत,फिर भी पुलिस नतमस्तक है। विवेचक अनिल साहू जांच कर रहे हैं। कब तक करेंगे,यह राम जाने। फिलहाल बाँदा में चोर मस्त हैं और पीड़ित पस्त है। मामा का घर लूटने वाले भांजे आजाद घूम रहे हैं और कानून की किताब शायद छुट्टी पर है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें