July 28, 2026 11:48 am

सपा नेता दद्दू प्रसाद का वार: अब बस करिए मोदी जी,अच्छे दिन से ऊबी जनता

विनोद मिश्रा

बाँदा। घरेलू गैस सिलेंडर पर 29 रुपये की बढ़ोतरी क्या हुई,सपा नेता एवं पूर्व मंत्री दद्दू प्रसाद ने पीएम मोदी की रसोई का मीटर घुमा दिया। सीधा बोले,अब बंद करिए मोदी जी। जनता आपके अमृत काल के महंगाई भरे अच्छे दिन से ऊब गई है।

दद्दू प्रसाद ने कहा कि रसोई गैस के बढ़े दाम जेब जलाएंगे। यह महंगाई खून के आंसू रुलाएगी। 29 रुपये सुनने में छोटे लगते हैं,पर गरीब के चूल्हे पर यही 29 रुपये भारी पड़ते हैं। महीने का बजट बिगाड़ने के लिए इतना ही काफी है।

पूर्व मंत्री ने तंज कसा कि सरकार अच्छे दिन का झुनझुना बजाकर आई थी,पर मिला महंगाई का तमाचा। पेट्रोल, डीजल, आटा, दाल के बाद अब घरेलू गैस ने भी आग लगा दी। जनता त्राहि त्राहि कर रही है और दिल्ली में आंकड़ों की ढपली बज रही है। दद्दू प्रसाद बोले,ये 29 रुपये की चोट उसी को समझ आएगी जिसकी कमाई हजार दो हजार में अटकी है। अमीरों को फर्क नहीं पड़ता,पर गरीब की थाली से एक रोटी कम हो जाती है। महिलाओं को चूल्हा अब फूंक मार मार कर जलाना पड़ रहा है।

सपा नेता ने पीएम मोदी से अपील ठोक दी कि अब तो रहम करिए। महंगाई के बोझ से कमर टूट गई है। चुनाव में वादा था कि महंगाई कम होगी, पर यहां तो हर महीने नया झटका लग रहा है। अगर यही अच्छे दिन हैं तो जनता हाथ जोड़कर कह रही है, हमें हमारे बुरे दिन ही वापस कर दो।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें