विनोद मिश्रा
बांदा। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की दो बड़ी घोषणाओं के बाद बांदा में सियासी हलचल तेज हो गई है। अखिलेश ने प्रदेश में सपा सरकार बनने पर महिलाओं को हर साल 40,000 रुपये आर्थिक सहायता और घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने का ऐलान किया है। इस घोषणा पर सपा के वरिष्ठ नेता अशोक सिंह गौर ने खुलकर मोर्चा संभालते हुए इसे ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि “यह सिर्फ चुनावी वादा नहीं, बल्कि प्रदेश की आधी आबादी के सम्मान और सशक्तिकरण की क्रांति है।”

अशोक सिंह गौर ने कहा कि सपा सरकार बनते ही “समाजवादी पेंशन योजना” के तहत हर महिला को सालाना 40,000 रुपये दिए जाएंगे और ये रकम हर साल बढ़ाई भी जाएगी। साथ ही घरों को 300 यूनिट तक बिजली मुफ्त मिलेगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि “5 साल में महंगाई ने जनता की कमर तोड़ दी। एक तरफ बिजली के बिल आसमान छू रहे हैं,दूसरी तरफ महिलाओं को घर चलाना मुश्किल हो रहा है। अखिलेश जी की ये दोनों घोषणाएं सीधे जनता के जेब और रसोई से जुड़ी हैं।”
अशोक सिंह गौर ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर इस योजना को बताएं। उन्होंने कहा “2027 में जनता जवाब देगी। जिस सरकार ने महिलाओं को सिर्फ भाषण दिए, अब सपा उन्हें सम्मान के साथ 40 हजार रुपये और बिजली में राहत देगी।”
राजनीतिक जानकार मान रहे हैं कि अखिलेश की इन घोषणाओं और अशोक सिंह गौर जैसे नेताओं के धरातल पर उतरने से बांदा समेत पूरे बुंदेलखंड में सपा को बड़ा संबल मिलेगा।










