कुमार गौरव
बांदा। जिले में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक सगे भाई ने अपनी ही बहन को मां के साथ मिलकर मानव तस्करों के हाथ बेच दिया। पीड़िता को 1 लाख 38 हजार रुपये में बेचा गया और बाद में हरियाणा में उसकी जबरन शादी करा दी गई, जबकि वह पहले से विवाहित थी। यह पूरा मामला मानव तस्करी और बाल विवाह के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान सामने आया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है,जबकि पीड़िता की मां की तलाश अभी जारी है।

पीड़िता,जो चित्रकूट की रहने वाली है,ने 22 नवंबर 2025 को बांदा की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट में शिकायत दर्ज कराई थी। अपनी शिकायत में उसने बताया कि 20 नवंबर को उसकी मां और भाई ने उसे “घूमने के लिए बांदा ले जानें के बहाने घर से बाहर निकाला। वहां से उन्होंने उसे हरियाणा के एक व्यक्ति को1.38 लाख रुपये में बेच दिया। “मुझे बताया गया कि मेरा रिश्ता तय हुआ है और मैं खुशहाल जीवन जीऊंगी। लेकिन वास्तविकता यह थी कि मुझे बेच दिया गया था। मेरी पहले से शादी हुई थी और मैं अपने पति के साथ जीवन बिता रही थी। मुझे मजबूर करके दूसरी शादी के लिए तैयार किया गया।” एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पीड़िता के बयान, साक्ष्यों और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस की टीम ने आरोपी भाई जयनारायण को बांदा के कालू कुआं रोड के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने मानव तस्करी के इस नेटवर्क में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर यह घृणित कृत्य किया। इस मामले में पहले ही हरियाणा के दो अन्य आरोपियों कृष्ण कुमार और बलराम को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस मानव तस्करी नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या ऐसे अन्य मामले भी शामिल हैं या नहीं।











