April 26, 2026 4:46 pm

मंत्री रामकेश का संदेश, रक्तदान से जीवनदान, शिविर में उमड़ी भीड़, सुरक्षाकर्मी ने पेश की मिसाल।

कुमार गौरव

बांदा। मानव एकता दिवस के अवसर पर बाँदा में सेवा, समर्पण और मानवता का अनूठा उदाहरण देखने को मिला, जब संत निरंकारी चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में अलीगंज स्थित निरंकारी सत्संग भवन में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंदों के लिए जीवनदायिनी मदद सुनिश्चित करना रहा।

इस अवसर पर जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने अपने सहयोगियों के साथ शिविर में पहुंचकर न केवल सहभागिता की, बल्कि उपस्थित लोगों को अधिक से अधिक संख्या में स्वेच्छा से रक्तदान करने के लिए प्रेरित भी किया। उन्होंने संत निरंकारी मिशन के उस मूल संदेश “रक्त नाड़ियों में बहे, नालियों में नहीं” को समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक बताया।

राज्यमंत्री ने आयोजन समिति और कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान ऐसा महान कार्य है, जो किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। ऐसे आयोजन समाज में एकता, सौहार्द और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं और भेदभाव को खत्म करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

इस दौरान मंत्री की सुरक्षा में तैनात उमेश कुमार पटेल ने भी रक्तदान कर एक मिसाल पेश की, जिससे उपस्थित लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर इस पुनीत कार्य में योगदान दिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता दिनेश सिंह, अनिरुद्ध सिंह चंदेल, संजय सिंह पटेल, रामेन्द्र शर्मा तथा मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें