बांदा में पुलिस मुठभेड़ के बाद टप्पेबाजी गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार: हथियार बरामद

कुमार गौरव

बांदा। नरैनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अंतरजनपदीय टप्पेबाजी और चोरी करने वाले एक गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई ग्राम पनगरा नहर के पास उस समय की गई जब पुलिस को गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस और संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही अभियुक्तों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चारों अभियुक्तों को मौके पर ही घेरकर दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो मिस कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और पांच हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सुनियोजित तरीके से ट्रेन, बस और ऑटो रिक्शा जैसी सार्वजनिक सवारी गाड़ियों में यात्री बनकर सफर करते थे। इसी दौरान वे यात्रियों के बैग, सूटकेस और अन्य कीमती सामान को निशाना बनाकर चोरी और जेबकटी की घटनाओं को अंजाम देते थे। वारदात के बाद वे अगले स्टॉप पर उतरकर फरार हो जाते थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की घटनाओं को अंजाम देना उनके लिए आसान होता था और पकड़े जाने की स्थिति में वे अवैध हथियारों के बल पर लोगों को डराकर भाग निकलते थे। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान निराजुल हसन पुत्र अजीत (निवासी शाहपुर, थाना भोजपुर, जनपद मुरादाबाद), गोविंद पुत्र ब्रजपाल सिंह (निवासी पुट्ठी इब्राहिमपुर, थाना रामराज, जनपद मुजफ्फरनगर), फहीम पुत्र हनीफ और साहिल पुत्र जाइद (दोनों निवासी शाहपुर, थाना भोजपुर, जनपद मुरादाबाद) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके द्वारा अन्य जनपदों में की गई घटनाओं की भी विस्तृत जांच की जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें