विनोद मिश्रा
बाँदा। बबेरू विधानसभा क्षेत्र में बिजली संकट और अधूरी पड़ी पाइप लाइन से परेशान जनता की आवाज लेकर सपा विधायक विशंभर सिंह यादव सीधे जिलाधिकारी अमित आसेरी के दफ्तर पहुंच गए। बंद कमरे में दोनों के बीच बबेरू की बदहाल बिजली व्यवस्था, खोदी गई पाइप लाइन और अन्य जनहित के मुद्दों पर लंबी चर्चा हुई। विधायक ने डीएम को बताया कि बबेरू क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती से लोग त्राहि त्राहि कर रहे हैं। गर्मी में बच्चों से बुजुर्ग तक बेहाल हैं। ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं पर सुधर नहीं रहे। विशंभर सिंह यादव ने दो टूक कहा कि ‘जनता त्रस्त और अफसर मस्त’ वाली नीति अब नहीं चलेगी। बिजली व्यवस्था तुरंत दुरुस्त हो।

विधायक ने जल निगम की लापरवाही पर भी डीएम का ध्यान खींचा। बताया कि पेयजल के लिए पाइप लाइन डालने को सड़कें खोद दी गईं पर महीनों से काम अधूरा पड़ा है। न पाइप लाइन चालू हुई, न सड़कें बनीं। जगह जगह गड्ढे हादसों को दावत दे रहे हैं। विशंभर सिंह यादव ने मांग की कि खोदी गई पाइप लाइन का काम युद्धस्तर पर पूरा कराया जाए। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने विधायक को आश्वस्त किया कि बबेरू की बिजली समस्या और पाइप लाइन के मामले को प्राथमिकता पर निपटाया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश जारी किए जाएंगे। काम में हीलाहवाली करने वालों पर कार्रवाई होगी।
बैठक के बाद विधायक विशंभर सिंह यादव ने कहा कि वह अपने क्षेत्र की एक एक समस्या से वाकिफ हैं। बिजली, पानी, सड़क जैसे बुनियादी मुद्दों पर कोई समझौता नहीं होगा।अधिकारियों को जनता के प्रति जवाबदेह बनाना ही उनकी प्राथमिकता है। बबेरू की जनता को अब डीएम और विधायक की इस मुलाकात के बाद राहत की उम्मीद जगी है। देखना है कि जमीन पर काम कितनी तेजी से शुरू होता है।










