April 29, 2026 10:47 am

पन्ना टाइगर रिजर्व में अनारकली ने दिया जुड़वा बच्चों को जन्म,गूंजे सोहर गीत।

कुमार गौरव

बांदा। पन्ना टाइगर रिजर्व में इस समय खुशी की एक अनोखी लहर दौड़ रही है। 57 वर्ष की अनुभवी हथिनी अनारकली ने एक साथ दो स्वस्थ मादा बच्चों को जन्म देकर दुर्लभ रिकॉर्ड बनाया है। इस सुखद घटना से पूरा रिजर्व परिक्षेत्र बधाई और सोहर गीतों की गूंज से गुंजायमान हो उठा है,वहीं वहां कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।

पन्ना टाइगर रिजर्व के हिनौता बीट में यह अद्भुत घटना घटी। हथिनी अनारकली ने अपना पहला मादा बच्चा बीते सोमवार की रात 2 बजकर 20 मिनट पर खेरैईया नामक स्थान पर जन्म दिया। इसके कुछ ही घंटों बाद, उसी सुबह 5 बजकर 50 मिनट पर, हिनौता हाथी कैंप में उसने दूसरे मादा बच्चे को भी जन्म दिया। एक ही रात में दो नन्हीं मेहमानों के आगमन से रिजर्व स्टाफ का उत्साह देखते ही बन रहा है।

पन्ना टाइगर रिजर्व के वन्यजीव चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार गुप्ता ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि मां अनारकली और उसके दोनों नवजात बच्चे पूर्णतः स्वस्थ हैं। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि तीनों मस्ती में झूम भी रहे हैं,जो उनके अच्छे स्वास्थ्य का प्रमाण है।

इन दो नए सदस्यों के जन्म के साथ ही पन्ना टाइगर रिजर्व में हाथियों की कुल संख्या अब बढ़कर 21 हो गई है। इनमें पांच नर और 16 मादा हाथी शामिल हैं। 57 वर्ष की आयु में जुड़वा बच्चों का यह आगमन वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों की सफलता और प्रकृति के अद्भुत चमत्कार का प्रतीक माना जा रहा है। इस विशेष अवसर पर रिजर्व में त्योहार जैसा माहौल हिलोरें ले रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें