December 13, 2025 12:14 pm

मंडलीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का शुभारंभ: मंत्री रामकेश द्वारा स्वदेशी अपनाने पर जोर।

कुमार गौरव

बाँदा। जनपद के राइफल क्लब मैदान में आज मण्डल स्तरीय दस दिवसीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का भव्य शुभारम्भ जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने पालिका अध्यक्ष मालती गुप्ता के साथ किया। इस अवसर पर मंत्री निषाद ने विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की महत्ता पर प्रकाश डाला।

प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने कहा कि यह आयोजन स्वदेशी अपनाने के राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमारी विरासत स्वदेशी आधार पर रही है और भारत को सुदृढ एवं विकसित राष्ट्र बनाने के लिए स्वदेशी को अपनाना अत्यन्त आवश्यक है। मंत्री ने कहा कि आज हम बड़ी तेजी से स्वदेशी उत्पादों का उत्पादन कर उनका उपयोग कर रहे हैं, जो देश को सशक्त और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप है। उन्होंने बताया कि भारत के गाँव, कस्बों, नगरों और पूरे देश में स्वदेशी के उत्पादन को प्राथमिकता दी जा रही है।

पालिका अध्यक्ष मालती गुप्ता ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जब देश का प्रत्येक परिवार स्वदेशी उत्पादों को अपनाएगा, तभी भारत आत्मनिर्भर बनेगा। उन्होंने स्वदेशी अभियान को गति देने और उसे प्राथमिकता प्रदान करने पर विशेष बल दिया।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर उद्योग विभाग के अन्तर्गत संचालित टूल किट का वितरण भी किया गया। साथ ही, खादी ग्रामोद्योग के उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों एवं कारीगरों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में एमएलसी प्रतिनिधि आलोक सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी योगेन्द्र सिंह पटेल सहित अन्य खादी ग्रामोद्योग से जुड़े उद्यमी, कलाकार और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। यह प्रदर्शनी अगले दस दिनों तक चलेगी, जिसमें स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों द्वारा निर्मित विभिन्न प्रकार के खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें