कुमार गौरव
बांदा। बबेरू कस्बे के मुख्य चौराहे और अतर्रा रोड पर सोमवार सुबह प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के लिए व्यापक अभियान चलाया। चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण परियोजना के तहत बुलडोजर और जेसीबी मशीनों से कई दुकानों और मकानों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल और पीएसी के जवानों को भी तैनात किया गया ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे। अभियान की अगुवाई बांदा सदर एसडीएम नमन मेहता और बबेरू एसडीएम अविनाश कुमार ने की। उनके साथ पीडब्ल्यूडी के जेई रावेंद्र सिंह, राजेश कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी सौरभ सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने करीब आधा दर्जन मशीनों की मदद से मुख्य चौराहे से लेकर अतर्रा रोड तक अतिक्रमण हटाया।

जानकारी के अनुसार, पीडब्ल्यूडी और राजस्व विभाग ने करीब एक माह पहले दुकानदारों और मकान मालिकों को तीन चरणों में नोटिस जारी किए थे। चेतावनी के बाद कुछ लोगों ने स्वयं अतिक्रमण हटा लिया था, जबकि कई ने निर्देशों की अनदेखी की। नोटिस की अवधि समाप्त होने पर सोमवार सुबह प्रशासन ने बलपूर्वक कार्रवाई करते हुए कब्जा हटाया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बबेरू कोतवाली समेत आसपास के थानों का पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात किए गए। तहसीलदार हेमराज सिंह बनल और नायब तहसीलदार मनोहर सिंह भी अभियान में शामिल रहे।

प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई से कस्बे के मुख्य मार्ग पर यातायात सुगम होगा और नगर का सौंदर्यीकरण बेहतर तरीके से किया जा सकेगा। वहीं, प्रभावित दुकानदारों और मकान मालिकों में नाराजगी भी देखने को मिली।












