April 14, 2026 4:43 pm

ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश से तबाह फसलें: जितेन्द्र सिंह सेंगर ने मुख्यमंत्री से की राहत की मांग

कुमार गौरव

बांदा। बुंदेलखंड के हमीरपुर, महोबा, बांदा और चित्रकूट जिलों में हाल ही में हुई ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश ने किसानों की उम्मीदों को तोड़ दिया है। खेतों में तैयार खड़ी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं, जिससे किसान भारी आर्थिक और मानसिक संकट में आ गए हैं। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए विधान परिषद सदस्य जितेन्द्र सिंह सेंगर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर तुरंत राहत और मुआवजे की मांग की है।

जितेन्द्र सिंह सेंगर ने अपने पत्र में कहा है कि प्राकृतिक आपदा के कारण गांव-गांव में फसलों का भारी नुकसान हुआ है और किसानों के सामने अब जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि यदि समय रहते सहायता नहीं पहुंचाई गई, तो हालात और अधिक खराब हो सकते हैं। उन्होंने किसानों की पीड़ा का जिक्र करते हुए कहा कि फसलों के इस नुकसान ने उन्हें पूरी तरह से तोड़ दिया है।

अपने पत्र के माध्यम से उन्होंने सरकार से मांग की है कि किसानों से राजस्व वसूली को तत्काल प्रभाव से रोका जाए, प्रभावित क्षेत्रों में फसलों के नुकसान का सही आकलन कराने के लिए सर्वे कराया जाए और उसके आधार पर किसानों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिया जाए। जितेन्द्र सिंह सेंगर ने इस पत्र की प्रतिलिपि संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को भी भेजी है, ताकि प्रशासन स्तर पर भी तेजी से कार्रवाई हो सके और किसानों को राहत मिल सके। किसानों ने उनके इस प्रयास की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि सरकार जल्द ही उनकी मदद के लिए ठोस कदम उठाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें