कुमार गौरव
बांदा। अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन की ओर से ग्रीष्मकालीन स्थानांतरण व्यवस्था के तहत चित्रकूटधाम परिक्षेत्र में बड़े पैमाने पर दारोगाओं के तबादले किए गए हैं। कई वर्षों से एक ही परिक्षेत्र में तैनात उपनिरीक्षकों (एसआइ) को अन्य परिक्षेत्रों में भेजा गया है। एडीजी जोन ज्योति नारायण के आदेश पर 12 वर्ष का कार्यकाल पूरा कर चुके दारोगाओं की तैनाती में फेरबदल किया गया। इस प्रक्रिया के तहत चित्रकूटधाम परिक्षेत्र से कुल 43 दारोगाओं का स्थानांतरण प्रयागराज समेत अन्य परिक्षेत्रों के लिए किया गया है। वहीं परिक्षेत्र को 74 नए दारोगा भी मिले हैं।

स्थानांतरण सूची के अनुसार महोबा जिले से 9, बांदा जिले से 18, हमीरपुर जिले से 2 तथा चित्रकूट जिले से 14 दारोगाओं को अन्य जिलों और परिक्षेत्रों में भेजा गया है। इनमें सबसे अधिक तबादले बांदा जिले से हुए हैं, जबकि चित्रकूट जिला दूसरे स्थान पर रहा। हमीरपुर जिले से सबसे कम एसआइ स्थानांतरित किए गए हैं। विभाग की ओर से सभी स्थानांतरित दारोगाओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे शीघ्र ही अपने नवीन तैनाती स्थल पर पहुंचकर आमद दर्ज कराएं।डीआइजी चित्रकूटधाम परिक्षेत्र राजेश एस ने बताया कि विभागीय स्थानांतरण प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की गई है। जिन एसआइ का निर्धारित तैनाती कार्यकाल पूरा हो चुका था, उन्हें नई तैनाती दी गई है।










