विनोद मिश्रा
बांदा। ‘स्वच्छता ही सेवा है’ के मंत्र को धरातल पर उतारने के लिए पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकित बासू अब ‘स्वच्छता चौकीदार’ की भूमिका में नजर आ रहे हैं। रात-दिन ‘जागते रहो’ अभियान चलाकर वे नगरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे हैं। उनका संकल्प है: स्वच्छ बांदा, सुंदर बांदा।

अंकित बासू खुद मोहल्लों में जाकर लोगों को कचरा प्रबंधन की सीख दे रहे हैं। उन्होंने नगरवासियों से अपील की है कि आइए, हम सभी मिलकर अपने नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने का संकल्प लें। उनकी इस पहल से वे शहर में ‘स्वच्छता चौकीदार’ के नाम से चर्चित हो गए हैं। इसी क्रम में इंद्रा नगर वार्ड 31 में नगर पालिका परिषद द्वारा स्वच्छता अभियान के तहत गीले एवं सूखे कचरे के लिए अलग अलग बाल्टियों का वितरण किया गया। अंकित बासू ने घर-घर जाकर वार्डवासियों को कचरा अलग अलग रखने के लिए प्रेरित किया। समझाया कि गीला कचरा खाद बनेगा और सूखा कचरा रिसाइकिल होगा।

अंकित बासू ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ बांदा के निर्माण में सभी की सहभागिता सुनिश्चित होनी चाहिए। जब हर घर से जिम्मेदारी निभेगी, तभी शहर बदलेगा। कचरा सड़क पर नहीं, बाल्टी में जाना चाहिए। इस मौके पर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी चंद्र चौधरी और सभासद राममिलन तिवारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भी अभियान को समर्थन दिया और लोगों से सहयोग मांगा। अंकित बासू का ‘जागते रहो’ अभियान अब शहर की जुबान पर है। पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि खुद चौकीदार बनकर गली मोहल्ले में स्वच्छता की अलख जगा रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर जनप्रतिनिधि ऐसे ही जमीन पर उतरें तो बांदा को साफ होने से कोई नहीं रोक सकता।










